जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के अवसर पर एलडीए ने लागू किया ऑफर
त्योहार पर घर खरीदें,पायें दो लाख रुपये तक की छूट
- चुनिंदा अपार्टमेंट्स के फ्लैटों पर 4 से 14 सितम्बर तक मिलेगा छूट का लाभ
लखनऊ। राजधानी में अपना आशियाना खरीदना चाह रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। जनमाष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के अवसर पर एलडीए अपने अपार्टमेंट्स पर विशेष डिस्काउंट ऑफर लेकर आया है। इसके अंतर्गत फ्लैट खरीदने पर 01 से 02 लाख रूपये तक की छूट का लाभ मिलेगा। यह फेस्टिव ऑफर 4 सितम्बर से 14 सितम्बर तक मात्र 11 दिनों के लिए लागू रहेगा। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिये हैं।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि त्योहार के पावन अवसर पर अधिकांश लोग अपना घर खरीदने के इच्छुक होते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना में उपलब्ध चुनिंदा फ्लैटों पर यह विशेष ऑफर लाया गया है। जिसमें लोगों को फ्लैट खरीदने पर 02 लाख रूपये तक की छूट मिलेगी। यह योजना 4 सितम्बर से 14 सितम्बर, 2026 तक सीमित अवधि के लिए ही प्रभावी होगी। इस अवधि में एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से प्रस्तावित अपार्टमेंट्स में फ्लैट बुक कराने वाले लोगों को छूट का लाभ दिया जाएगा।
वीसी ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा आवासीय योजनाओं में उपलब्ध फ्लैटों को अधिक सुविधाजनक और आकर्षक तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फेस्टिव ऑफर इसी दिशा में एक पहल है, जिससे नागरिकों को निर्धारित अवधि में विशेष आर्थिक लाभ के साथ एलडीए का अपना घर चुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिन अपार्टमेंट्स में विशेष ऑफर लागू किया गया है, उनमें 01 बीएचके, 02 बीएचके एवं 03 बीएचके के फ्लैट उपलब्ध हैं।
नागरिक श्रवण अपार्टमेंट सनराइज अपार्टमेंट (मृगशिरा),स्मृति अपार्टमेंट,पूर्वा अपार्टमेंट में मकान खरीद सकेंगे। एलडीए वीसी प्रथमेेश कुमार ने बताया कि ऑफर में प्रस्तावित अपार्टमेंट्स में 20 लाख से 50 लाख रूपये तक के फ्लैट पर 01 लाख रूपये की छूट मिलेेगी। वहीं, 50 लाख से 75 लाख रूपये कीमत के फ्लैट पर 1.5 लाख रूपये की छूट और 75 लाख रूपये से अधिक कीमत वाले फ्लैट पर 02 लाख रूपये की छूट प्रदान की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
