कमाल अख्तर ने सपा के मुख्य सचेतक पद से दिया इस्तीफा, रुचि वीरा विवाद के बीच बढ़ी सियासी हलचल
मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुरादाबाद से विधायक कमाल अख्तर ने विधानसभा में पार्टी के दल के मुख्य सचेतक (Chief Whip) पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह इस्तीफा मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आया है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस्तीफे के कारणों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विवाद को सुलझाने के लिए हाल ही में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में दोनों पक्षों के साथ बैठक की थी। माना जा रहा था कि मामला शांत हो गया है, लेकिन कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद राजनीतिक अटकलें फिर तेज हो गई हैं।
कमाल अख्तर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने हमेशा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हर आदेश का पालन किया है और आगे भी करते रहेंगे। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में मनोज कुमार पांडे के मुख्य सचेतक पद छोड़ने के बाद कमाल अख्तर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
कमाल अख्तर और रुचि वीरा के बीच मतभेद लोकसभा चुनाव 2024 के समय से ही बताए जाते हैं। यह विवाद 14 जून को मुरादाबाद में आयोजित पीडीए सम्मान सम्मेलन के बाद खुलकर सामने आया, जब कार्यक्रम में सांसद रुचि वीरा को न तो आमंत्रित किया गया और न ही उनके फोटो लगाए गए। इसके बाद अखिलेश यादव ने आपात बैठक बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत की थी।
बताया जाता है कि दोनों नेताओं के बीच अनबन की मुख्य वजह मुरादाबाद लोकसभा सीट है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कमाल अख्तर इस सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे और उन्हें पार्टी का सिंबल भी मिल गया था, लेकिन बाद में सपा नेतृत्व ने टिकट बदलकर रुचि वीरा को उम्मीदवार बना दिया था। इसी के बाद से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ती चली गई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
