साई वज्र अभियान में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपित गिरफ्तार
करीब एक करोड़ नब्बे लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला आया सामने आया
कानपुर। साई वज्र अभियान के तहत कानपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, फर्म से जुड़े अभिलेख और एक कार बरामद की है। प्रारंभिक जांच में गिरोह का करीब एक करोड़ नब्बे लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
एडीसीपी साइबर क्राइम अंजली विश्वकर्मा ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मंगल सिंह, विजेंद्र यादव, अबी वकास और राहुल शर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला है कि यह लोग बड़ी लिमिट वाले बैंक खातों और कॉरपोरेट फर्मों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करता था। आरोपितों ने अखिलेश गुप्ता को उनकी पत्नी अंजिता गुप्ता के नाम पर पांच करोड़ रुपये का दान दिलाने का झांसा दिया था। इसके लिए नोमान फारुखी ने उनसे संपर्क कर स्कूल भवन निर्माण के लिए डोनेशन दिलाने की बात कही। आठ से 14 मार्च के बीच बंधन बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के खातों के जरिए कुल एक करोड़ नब्बे रुपये का लेनदेन कराया गया। इस दौरान पीड़ित का सिम कार्ड भी बदल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह पहले लोगों को बैंक लोन, व्यापारिक सहायता अथवा बड़ी राशि का दान दिलाने का भरोसा देकर विश्वास में लेता था। इसके बाद उनके बैंक खाते, सिम कार्ड और आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर एपीके (एपीके) फाइल और अन्य तकनीकी माध्यमों से बैंक खातों का एक्सेस अपने नेटवर्क के अन्य सदस्यों को उपलब्ध कराता था। ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर पुलिस की निगरानी से बचने का प्रयास किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि मंगल सिंह ने "अपराजिता ट्रेडर्स" नाम से फर्म बनाकर फर्जी वित्तीय लेनदेन किए।
डिजिटल जांच में आरोपितों के मोबाइल फोन से बैंक खातों का विवरण, आधार और पैन कार्ड की प्रतियां, चेकबुक, पासबुक, क्यूआर कोड, लॉगिन आईडी, पासवर्ड, एपीके लिंक, वॉइस रिकॉर्डिंग तथा साइबर ठगी से जुड़े व्हाट्सएप चैट बरामद हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। लखनऊ और सिलीगुड़ी से भी लेनदेन किए गए हैं, जबकि राहुल शर्मा के मोबाइल से 12 अन्य बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनकी जांच जारी है। आरोपितों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, छह चेकबुक, चार पासबुक, चार एटीएम कार्ड, एक टैक्स इनवॉइस बुक, नौ लेटरहेड, एक फर्म की मोहर तथा कार बरामद की गई है।
बरामद डिजिटल साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते, सिम कार्ड, ओटीपी, इंटरनेट बैंकिंग या अन्य वित्तीय जानकारी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
