छावनी में “ यौगिक जीवन शैली ” पर प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन
— व्यक्ति के आहार, व्यवहार और विचार तीनों योगमय होने चाहिए:कर्नल नितिन
.jpeg)
लखनऊ। छावनी स्थित सूर्या ऑडिटोरियम में “योगिक जीवन शैली” विषय पर एक अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी, सैनिक एवं उनके परिवारजन सम्मिलित हुए।
व्याख्यान का संचालन लेफ्टिनेंट कर्नल नितिन जोशी द्वारा किया गया, जो एक प्रतिष्ठित शारीरिक प्रशिक्षण अधिकारी, प्रख्यात हठयोग विशेषज्ञ, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक तथा अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों, उपलब्धियों एवं संघर्षों को साझा करते हुए योग,अनुशासित जीवन शैली और मानसिक दृढ़ता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि स्वस्थ एवं सफल जीवन का आधार आहार, व्यवहार और विचार में संतुलन है। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षण और शरीर के प्रत्येक कण पर निरंतर कार्य करना आवश्यक है तथा व्यक्ति के आहार, व्यवहार और विचार तीनों योगमय होने चाहिए। उन्होंने सरल एवं व्यावहारिक उपायों के माध्यम से यह समझाया कि किस प्रकार योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त की जा सकती है।
व्याख्यान के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल जोशी ने सैनिक जीवन में मानसिक दृढ़ता,आत्म-अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं शारीरिक क्षमता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त सैनिक केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी सुदृढ़ होना चाहिए। उनके प्रेरक विचारों ने उपस्थित श्रोताओं को आत्ममंथन एवं आत्मविकास के लिए प्रेरित किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
