हर-हर महादेव के जयघोष के साथ रुद्राभिषेक का शुभारंभ
लखनऊ। शिव सेवा परिवार के तत्वावधान में भगवान शिव की अहैतुकी कृपा से श्रावण मास कृष्ण पक्ष प्रतिपदा, गुरुवार को रामलीला ग्राउंड, ऐशबाग, सुबह 18वें सपादलक्ष रुद्राभिषेक का शुभारंभ "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ विधिवत सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख आचार्य गिरजाशंकर दीक्षित, शिव शंकर पाण्डेय एवं डॉ. योगेश व्यास सहित पांच सहयोगी आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव एवं शिव परिवार का षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। पूजन में भगवान का आवाहन, पाद्य, अर्घ्य, आचमन, स्नान, सुगंधित जलाभिषेक, वस्त्र, यज्ञोपवीत, चंदन, अक्षत, मिश्रित अन्न, गुलाल, बेलपत्र, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, पान, सुपारी, ऋतु-फल, दक्षिणा, स्तुति, आरती, पुष्पांजलि एवं विसर्जन सहित समस्त वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। साथ ही समस्त श्रद्धालुओं की मनोकामनाओं की पूर्ति एवं लोक कल्याण की प्रार्थना भगवान शिव से की गई। आयोजक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि 27 चैकियों पर शिव परिवार के साथ 5,500 रुद्र विराजमान कर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रुद्राभिषेक एवं पूजन किया। भगवान शिव के अभिषेक हेतु ऋषिकेश से 540 लीटर गंगाजल तथा 3 कुंतल गौ-दूध विशेष रूप से मंगाया गया। आयोजक हरीश चन्द्र अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रामलीला मैदान में ही निर्धारित स्थान पर गड्ढा बनाकर पूजन में प्रयुक्त मूर्तियों का विधिवत विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर हरिश्चन्द्र अग्रवाल, अमरनाथ मिश्र, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, अरविंद तिवारी, उमेश शर्मा, पवन मनोचा, लोकेश अग्रवाल, सूर्य प्रकाश शुक्ला, शिवम बंसल, संदीप कांत राजन, विनोद अग्रवाल, उत्कर्ष त्रिपाठी, अतुल त्रिपाठी, सतीश चंद्र मिश्रा, दीपक बाजपेई, संजय श्रीवास्तव, नीरज मिश्रा, मयंक मनोचा, वर्षा शर्मा, उज्जवल शुक्ला, अनुज अग्रवाल, संजय सोनकर, सत्यकाम मिश्रा, अर्चना , आशा रानी निगम, प्रीति निगम एवं देवेश सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
