नेता नहीं बेटा, भाई और मित्र बनकर करता हूं मदद: डिप्टी सीएम केशव
जनता दर्शन में उमड़ी सैकड़ों फरियादियों की भीड़, उप मुख्यमंत्री ने खुद सुनीं समस्याएं
सहारनपुर, उन्नाव, बरेली, बदायूँ, कौशाम्बी, अलीगढ़, गाजियाबाद, झांसी व रायबरेली के आला अधिकारियों से की बात
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 7-कालिदास मार्ग पर 'जनता दर्शन' का आयोजन किया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों लोगों ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को और संबंधित जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को लिखित और दूरभाष (फोन) के माध्यम से समस्याओं के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
आगे कहा कि, मैं कोई नेता बनकर लोगों की मदद नहीं करता। बुजुर्गों का बेटा बनकर, युवाओं का मित्र बनकर और युवतियों का भाई बनकर उनकी सेवा व मदद करना ही मेरा एकमात्र उद्देश्य है। जनता की समस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी सहारनपुर, उन्नाव, बरेली, बदायूँ, कौशाम्बी एवं अलीगढ़ से वार्ता कर जमीन, राजस्व और विकास कार्यों से जुड़े मामलों का तुरंत निपटारा करने को कहा।
डिप्टी सीएम ने पुलिस आयुक्त गाजियाबाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी व रायबरेली को निर्देशित किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। जमीन के विवादों और पैमाइश से जुड़े मामलों को लेकर उन्होंने आयुक्त चकबंदी से भी सीधे फोन पर वार्ता की और त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
जनता दर्शन के दौरान इलाज के लिये पीड़ित परिवारों को उन्होंने तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। हरदोईनिवासिनी राममुखी ने अपने पुत्र राहुल राठौर के गंभीर इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग की। लखनऊ निवासी राधेश्याम पाण्डेय के पुत्र अनूप पाण्डेय की गोमती नदी में डूबने से हुई असामयिक मृत्यु के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के मामले का भी डिप्टी सीएम ने त्वरित संज्ञान लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
