चोरी की स्कूटी से महिला की चेन स्नैचिंग, हुसैनगंज पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे
चोरी की एक्टिवा और पीली धातु की चेन बरामद, दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
लखनऊ। हुसैनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की स्कूटी और चेन स्नैचिंग के मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से हुसैनगंज क्षेत्र से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी और सरोजनीनगर क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित पीली धातु की एक चेन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 9 मई को कैंट रोड, मुरलीनगर, हुसैनगंज निवासी अनुज अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनकी एक्टिवा स्कूटी संख्या UP32 HJ 1054 चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर हुसैनगंज थाने में मु0अ0सं0 0065/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
स्कूटी चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना के आधार पर हुसैनगंज पुलिस टीम ने 21 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। किशोर शर्मा को रात करीब 1:10 बजे और अब्दुल कयूम को करीब 2:10 बजे गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर शर्मा और अब्दुल कयूम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की गई स्कूटी संख्या UP32 HJ 1054 और पीली धातु की एक चेन बरामद की।
चोरी की स्कूटी से चेन स्नैचिंग
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि करीब साढ़े तीन महीने पहले उन्होंने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मुरलीनगर से स्कूटी चोरी की थी। इसके बाद वे चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल आने-जाने के साथ आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में करते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि इसी चोरी की स्कूटी से दोनों सरोजनीनगर क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां एक महिला के गले से चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया और वारदात के बाद उसी स्कूटी से मौके से फरार हो गए।इस मामले में सरोजनीनगर थाने में मु0अ0सं0 0316/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चोरी और छिनैती से करते थे गुजारा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आपस में मिलकर चोरी और छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, इन घटनाओं से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे अपनी दैनिक जरूरतों और अन्य खर्चों के लिए करते थे।
दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी अब्दुल कयूम के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं किशोर शर्मा के खिलाफ भी लखनऊ और कानपुर नगर के अलग-अलग थानों में चोरी, माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक, किशोर शर्मा के खिलाफ वर्ष 2003 से लगातार कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास आलमबाग, चौक, गोमतीनगर, हजरतगंज, हुसैनगंज, नाका हिंडोला, तालकटोरा, ठाकुरगंज, विभूतिखंड, वजीरगंज, मड़ियांव, मानकनगर और गुडंबा समेत कई थानों से जुड़ा बताया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की है।
बरामदगी
एक चोरी की एक्टिवा स्कूटी, वाहन संख्या UP32 HJ 1054
एक पीली धातु की गले की चेन
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
