उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण
लखनऊ। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित मकान-सूचीकरण एवं मकान जनगणना (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस) का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। राज्य सरकार ने इसे जनगणना अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अनुसार प्रदेश के सभी 75 जिलों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 200 नगर पालिका परिषदों, 545 नगर पंचायतों, 13 छावनी परिषदों तथा 8 औद्योगिक टाउनशिप के कुल 1195 चार्ज क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया। इसके तहत लगभग 1.04 लाख गांवों एवं 14,983 वार्डों में बनाए गए 3,90,717 मकान-सूचीकरण ब्लॉकों का सर्वेक्षण किया गया।
अभियान के सफल संचालन में लगभग पांच लाख प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने भागीदारी निभाई। जनगणना कार्य निदेशालय ने इस उपलब्धि के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव तथा भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया है।निदेशालय ने सभी जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों, जिला जनगणना अधिकारियों, अपर नगर आयुक्तों, चार्ज अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। साथ ही राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के जिला सूचना विज्ञान अधिकारियों द्वारा प्रदान किए गए तकनीकी सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
जनगणना कार्य निदेशालय ने कहा कि अभियान की सफलता में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की भूमिका सबसे अहम रही, जिन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके लिए सभी क्षेत्रीय कर्मियों को बधाई और धन्यवाद दिया गया है।निदेशालय ने मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग की भी सराहना की, जिन्होंने अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही प्रदेश की जनता का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने अपने घरों में प्रगणकों का स्वागत करते हुए आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराईं।अधिकारियों के अनुसार प्रथम चरण की सफलता जनगणना 2027 के आगामी चरणों के लिए मजबूत आधार सिद्ध होगी और राज्य में जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहायक बनेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
