बिंदौरा निकट नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत
शिक्षक दंपति समेत 4 की मौत, 7 साल की मासूम की सांसे बाकी
मनोज शर्मा, बाराबंकी संवाददाता
- भिनगा मदरसे के शिक्षक थे मौलाना शरीफ, एक साथ उठे चार जनाजे
- कार को कटर से काटकर निकाले गए शव, डम्फर चालक फरार
रामनगर/बाराबंकी। थाना मसौली क्षेत्र के बिंदौरा गांव निकट नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें चार लोगों के सांसें थम गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार सवारों ने बिंदौरा गांव पूछा था और उनको दवा लेने जाना था उन्होंने उसी पल कार यूटर्न कर दी और तेज गति से आर रहे डंफर ने जोरदार टक्कर मार दी। श्रावस्ती के भिनगा में बच्चों को तालीम देने वाले मौलाना शरीफ का पूरा परिवार दवा लेने निकला था, लेकिन गोंडा-बहराइच नेशनल हाईवे पर भूलभुलिया के पास काल बनकर आए डम्फर ने सब कुछ उजाड़ दिया।
मंगलवार सुबह अल्टो कार सवार मौलाना शरीफ (60), पत्नी तबस्सुम बानो (55), बेटा सुहैम (30) और 17 साल की बेटी रुश्दा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिवार की सबसे छोटी 7 साल की हुदा चमत्कारिक रूप से बच गई, लेकिन गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है।
.jpeg)
बेकाबू डम्फर ने रौंदा, कार बनी कबाड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विपरीत दिशा से आ रहा बेकाबू डम्फर इतनी तेज रफ्तार में था कि उसने कार को सीधे कुचल दिया। टक्कर के बाद कार पूरी तरह पिचक गई और सड़क पर ही कबाड़ में तब्दील हो गई। मौके पर पहुंची मसौली पुलिस को कटर मंगाकर कार की बॉडी काटनी पड़ी तब जाकर चारों शवों को बाहर निकाला जा सका।
भिनगा से बलरामपुर तक मातम
मूलतः बलरामपुर के रहने वाले मौलाना शरीफ अरबिया अनवारुल उलूम मदरसा, भिनगा में शिक्षक थे। हादसे की खबर मिलते ही मदरसा और उनके पैतृक गांव में मातम पसर गया। एक साथ चार जनाजे उठने से हर आंख नम हो गई।
पुलिस ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डम्फर को कब्जे में ले लिया गया है, चालक फरार है, तलाश जारी है। एम्बुलेंस से चारों शवों को सीएचसी बड़ागांव ले जाया गया जहां पर पुलिस क्षेत्राधिकार रामनगर गरिमा पंत पहुंची। घटना स्थल पर थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह, मसौली पुलिस और पीआरवी तैनात थी।
सवाल: हाईवे पर कब थमेगी रफ्तार
गोंडा-बहराइच- बाराबंकी हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों ने फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि ओवरलोड और बेकाबू डम्फरों पर लगाम कब लगेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
