हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा मेले का आयोजन
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने किया शुभारंभ, विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया अवलोकन
मऊ। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत आज नगर पालिका परिषद कम्युनिटी हॉल परिसर में भव्य तिरंगा मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उनके उत्पादों एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) आधारित स्टॉल की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने में टीएलएम की महत्वपूर्ण भूमिका है।इसी क्रम में उन्होंने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए मोटे अनाज आधारित उत्पादों तथा उद्यान विभाग द्वारा जैविक उर्वरकों के प्रयोग से उत्पादित सब्जियों का भी अवलोकन किया और विभागीय प्रयासों की प्रशंसा की। कृषि विभाग के स्टॉल पर मोटे अनाज से तैयार चावल, आटा एवं अन्य उत्पादों की विशेष मांग देखने को मिली तथा बड़ी संख्या में लोगों ने इनकी खरीदारी की।
मेले में उद्यान, कृषि, बेसिक शिक्षा, मत्स्य, एनआरएलएम एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए, जिन पर स्थानीय उत्पाद, कृषि एवं उद्यान संबंधी सामग्री, शिक्षण सामग्री तथा अन्य उपयोगी वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। आकर्षक एवं उपयोगी स्टॉलों ने मेले में पहुंचे लोगों को खूब आकर्षित किया।
तिरंगा मेले में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर तैयार एवं बिक्री के लिए उपलब्ध उत्पादों की खरीदारी भी की। मेले के माध्यम से स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने तथा आमजन में तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने एवं अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प भी लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आनन्द कुमार मिश्र मऊ जनपद के जाने - माने पत्रकार हैं। आनन्द कुमार को पत्रकारिता का 10 सालों का अनुभव है, यह कई मीडिया संस्थानों अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्तमान में तरुणमित्र के मऊ जनपद के ब्यूरो प्रमुख के रुप में कार्यरत हैं।
