सावन के पहले दिन भोलेनाथ की भक्ति में डूबा गाजियाबाद, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा शिव बालाजी धाम
गाजियाबाद। पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिन गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी स्थित श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में गुरुवार को भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। प्रातःकाल से ही मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक के पुष्प, चंदन, पुष्प एवं फल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की।
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं से रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक संपन्न कराया। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
पंडित राजीव मिश्रा ने बताया कि, श्रावण मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इस पावन माह में श्रद्धा और विश्वास के साथ रुद्राभिषेक, जलाभिषेक तथा बेलपत्र, धतूरा आदि अर्पित करने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं। सावन में शिव आराधना से मन की शुद्धि होती है, जीवन में सुख-समृद्धि आती है तथा भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों के समस्त कष्टों का निवारण कर अपनी कृपा बरसाते हैं।
पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर सावन माह में नियमित शिव आराधना का संकल्प लिया। पूरे दिन मंदिर में भक्तों का आवागमन बना रहा और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
