बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ की मड़ियांव थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का लैपटॉप, एप्पल आईपैड, मोबाइल फोन, आभूषण, हाथ घड़ियां तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी के दो मुकदमों का सफल खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को हरिओम नगर, गायत्री नगर निवासी मीना सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, आभूषण, लैपटॉप, आईपैड, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना मड़ियांव में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को 19 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में प्रयुक्त संदिग्ध ऑटो रिक्शा यादव चौराहे के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ऑटो में सवार हर्ष पाण्डेय उर्फ प्रिन्स उर्फ दिव्यांशु पाण्डेय, कृष्णा गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव उर्फ नाटी, अभिषेक तिवारी उर्फ विशाल तिवारी और राजा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एसर लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, एक सैमसंग गैलेक्सी एस-22 मोबाइल, दो जोड़ी पायल, दो कड़े, एक अंगूठी, दो मंगलसूत्र, तीन हाथ घड़ियां तथा चोरी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया।
पूछताछ और मोबाइल फोन की डिजिटल जांच के दौरान पुलिस को एक अन्य मोबाइल चोरी के मामले से जुड़े अहम साक्ष्य मिले। इसके आधार पर थाना मड़ियांव में दर्ज मोबाइल चोरी के मुकदमे का भी सफल खुलासा किया गया। साथ ही थाना सैरपुर क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मोबाइल चोरी के मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनकी जानकारी संबंधित थाने को दे दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बंद मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर नकदी, आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करते थे। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों के मोबाइल फोन भी चोरी कर लेते थे। चोरी के लिए गिरोह ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल करता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी हर्ष पाण्डेय के खिलाफ पहले से चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
