बाढ़ प्रबंधन संबंधी तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों का किया गया निरीक्षण
बस्ती - बाढ़ प्रबंधन संबंधी तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा समन्वय व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण दल द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित तहसील हर्रैया एवं बस्ती सदर के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान स्थापित बाढ़ शरणालयों एवं मॉडल बाढ़ शरणालयों का निरीक्षण किया गया तथा राहत किट के नमूनों का परीक्षण किया गया। साथ ही राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा बाढ़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों एवं कार्यवाहियों का स्थलीय मूल्यांकन किया गया।दल द्वारा तहसील हर्रैया के ग्राम बरसांव स्थित मॉडल बाढ़ शरणालय का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, राहत व्यवस्था एवं आपदा के समय शरणार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर के ग्राम जिनवां का भी दौरा किया गया। राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार यह ग्राम 21 जुलाई को जलमग्न दर्शाया गया था, जबकि स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि गांव में 20 एवं 21 जुलाई दोनों दिनों में जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति विद्यमान थी।
दल द्वारा समुदाय स्तर पर नाविकों, तैराकों एवं गोताखोरों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें 30वीं वाहिनी पीएसी (फ्लड पीएसी) के अधिकारियों एवं जवानों ने भी सहभागिता की। बैठक में संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों, स्थानीय समुदाय की भूमिका, समन्वय तथा आपदा के समय प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा तैयार पिछले 17 वर्षों के बाढ़ चेतावनी प्रतिवेदनों एवं बाढ़ आवृत्ति विश्लेषण पर आधारित पुस्तिका की जिलाधिकारी एवं अपर आयुक्त को भेंट की गई। यह पुस्तिका जनपद में बाढ़ की ऐतिहासिक प्रवृत्तियों, चेतावनी तंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य की आपदा प्रबंधन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री सिद्ध होगी।निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण रखें, राहत एवं बचाव संसाधनों को सक्रिय अवस्था में बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आशीष शर्मा, परियोजना निदेशक (बाढ़) प्रशान्त कुमार, प्रोजेक्ट एसोसिएट सुश्री सहाना हेगड़े, मेट्रोलॉजिस्ट (यूएनडीपी) सहित जनपद के अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, आपदा विशेषज्ञ (बाढ़) रंजीत रंजन, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
