प्रधानमंत्री आवास योजना की 15 को आएगी फाइनल लिस्ट, 98% ग्राम सभाओं का काम पूरा
'आवास सॉफ्ट' पोर्टल पर आवंटित मकानों को मंजूरी और निर्माण की प्रक्रिया तेज
- लाभार्थियों का चयन सरकार के निर्देश पर कराए गए 'आवास प्लस सर्वेक्षण-2024'
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों की फाइनल लिस्ट आगामी 15 जुलाई 2026 तक जारी कर दी जाएगी। राज्य की 98 प्रतिशत ग्राम सभाओं में 'आवास प्लस सर्वेक्षण- 2024 ' के आधार पर पात्रता सूची तैयार करने का काम पूरा हो चुका है। सूची फाइनल होते ही केंद्र सरकार द्वारा 'आवास सॉफ्ट' पोर्टल पर लक्ष्य आवंटित कर मकानों की मंजूरी और निर्माण की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र परिवारों को पक्का मकान देने की तैयारी अंतिम चरण में है। ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य के सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं कि आगामी 15 जुलाई 2026 तक सभी दावों और शिकायतों का निपटारा कर लाभार्थियों की स्थायी पात्रता सूची (फाइनल लिस्ट) जारी कर दी जाए।
ये खबर भी पढ़े : मण्डलायुक्त बस्ती द्वारा विकास खण्ड सेमरियावां के ग्राम पंचायत डिघवा में किया गया वृक्षारोपणयोजना की प्रगति साझा करते हुए बताया गया है कि प्रदेश की 98 प्रतिशत ग्राम सभाओं में स्थायी पात्रता सूची बनाने की आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ली गई है। आगामी 15 जुलाई को अपीलिएट कमेटी (अपीलीय समिति) के सामने आए सभी मामलों का पूरी तरह निस्तारण करते हुए इस सूची को अंतिम रूप देकर प्रकाशित कर दिया जाएगा। इस बार लाभार्थियों का चयन केंद्र सरकार के निर्देश पर कराए गए 'आवास प्लस सर्वेक्षण-2024' के आधार पर किया जा रहा है।
इसके लिए हाल ही में तेजी से ग्राम सभाओं की बैठकें आयोजित की गईं, जिसके चलते 98% ग्राम सभाओं में यह कार्य समय से पूरा हो सका। अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2024-25 में ही राज्य की पुरानी स्थायी पात्रता सूची संतृप्त (पूरी) हो जाने के कारण पिछले वर्ष भारत सरकार से नया आवास लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ था।
आयुक्त ग्राम्य विकास, जीएस प्रियदर्शी ने सभी जिला अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर शिकायतों का निस्तारण कर सूची को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया है। 15 जुलाई को जैसे ही फाइनल लिस्ट जारी होगी, उसके तुरंत बाद भारत सरकार द्वारा ग्राम सभावार आवासों का लक्ष्य 'आवास सॉफ्ट' पोर्टल पर आवंटित कर दिया जाएगा। लक्ष्य मिलते ही पात्र ग्रामीणों के लिए आवास स्वीकृत करने और उनके निर्माण की आगे की प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
