थाने में दलित युवक की पिटाई के बाद मौत पर भड़के अखिलेश, बोले भाजपा राज में पुलिस बेलगाम
बलिया जिले के थाने से जुड़ा हुआ मामला
- आरोप पुलिस पीडीए समाज पर लगातार कर रही अत्याचार
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में पुलिस पीडीए समाज पर लगातार अत्याचार कर रही है। बलिया जिले में थाने में पुलिस की पिटाई से दलित युवक की मौत अत्यंत शर्मनाक है। भाजपा सरकार में गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। लोगों को तरह-तरह से अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा राज में पुलिस बेलगाम है। पुलिस खुद अन्याय के सारे रिकार्ड तोड़ रही है।
बलिया की घटना से पहले मेरठ में भी पुलिस का ऐसा ही व्यवहार सामने आया था। मेरठ में दलित समाज की बेटी ललिता गौतम के न्याय की आवाज उठाने पर पुलिस-प्रशासन ने पीड़ित परिवार सहित अन्य लोगों पर प्रहार और लाठी चार्ज किया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में संवेदनहीन हो चुकी है।
सरकार को गरीबों का दुःख-दर्द और पीड़ा दिखाई नहीं दे रही है। गरीबों और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि जब प्रदेश सरकार के प्रमुख ही सरेआम एक मृतक की मां के साथ असंवेदनशील होने का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तो उनकी पुलिस से कोई उम्मीद करना बेमानी है।
भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भ्रष्टाचार चरम पर है। पुलिस हिरासत में मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के अन्यायी शासन से त्रस्त है। जनता 2027 में सत्ता से हटाकर भाजपा के अन्यायी और अत्याचारी शासन का अन्त कर देगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
