अयोध्या में राधा अष्टमी पर दिखा उत्साह, 25 साल पुरानी परंपरा
सेवा-साधकों के सम्मान से आनंदित हुआ मोदनवाल समाज, राधा अष्टमी पर दिखी एकजुटता
- शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, राजनीति और कारोबार क्षेत्र में योगदान देने वाले 30 विशिष्टजन सम्मानित
अयोध्या। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में राधा अष्टमी का पर्व रायगंज स्थित मोदनवाल समाज के प्राचीन मंदिर एवं धर्मशाला में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज की सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासनिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 30 विशिष्टजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अयोध्या सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान के पंचामृत अभिषेक से हुआ। इसके बाद भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। नाना प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। सम्मान समारोह में समाज और देश की सेवा में योगदान देने वाले राजनेताओं, पुलिस-प्रशासन से जुड़े कर्मियों, कर्मचारियों एवं व्यवसायियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर समाज के लोगों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी।
मोदनवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्या ने कहा कि अति प्राचीन मोदनवाल समाज का मंदिर और धर्मशाला लंबे समय से समाजसेवा का केंद्र रहा है। यहां निरंतर सेवा कार्य किए जाते हैं। राधा अष्टमी का आयोजन समाज के लोगों को एकजुट करने और अपनी परंपराओं से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता गौरव का विषय है।
मोदनवाल समाज के अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने बताया कि मंदिर में पिछले 25 वर्षों से राधा अष्टमी का आयोजन होता आ रहा है। सुबह भगवान का पंचामृत से अभिषेक कर नवीन वस्त्र धारण कराया गया। इसके बाद विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। उन्होंने बताया कि समाज के शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासनिक समेत विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले 30 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, विकास गुप्ता समेत समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। संयोग से मोदनवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्या का जन्मदिन भी था। समाज के लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन के दौरान समाज के लोगों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
