डीएम ने श्री भदेश्वरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सभी आवश्यक सेवाएं रहे 24 घंटे सक्रिय - डीएम
बस्ती - श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर का जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं संबंधित विभागों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित कूड़ा निस्तारण तथा पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके उपरान्त उन्होने फुटहिया चौराहे पर पॅहुचकर आवागमन का जायजा लिया और कावड़ यात्रियों के सुगम यात्रा हेतु संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नवागत अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येन्द्र भूषण तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
