सालासर बालाजी से लौट रहे श्रद्धालुओं की टेम्पो ट्रैवलर ट्रेलर से टकराई
राजस्थान में बड़ा सड़क हादसा,कोलकाता के एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत
- हादसे में 13 श्रद्धालु घायल, अस्पताल में उपचार जारी
जयपुर। राजस्थान के चूरू जिले के सुजानगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बोबासर पुलिया पर सोमवार को भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि 13 श्रद्धालु घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब सालासर बालाजी के दर्शन कर पुष्कर जा रही श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर की सामने से आ रहे ट्रेलर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मृतक और घायल सभी पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
डीवाईएसपी दरजाराम के अनुसार कोलकाता निवासी एक ही परिवार के 17 सदस्य किराये की टेम्पो ट्रैवलर से राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आए थे। सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी पुष्कर धाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सुजानगढ़ के निकट बोबासर पुलिया पर उनकी टेम्पो ट्रैवलर की सामने से आ रहे ट्रेलर से भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ये खबर भी पढ़े : दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में अजमेर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंकाइस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा और डीवाईएसपी दरजाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सभी 13 घायलों को एम्बुलेंस से राजकीय बगड़िया अस्पताल, सुजानगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में मृत तीनों महिलाएं कोलकाता निवासी एक ही परिवार की सदस्य थीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सुचारू कर दिया गया।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
