मिशन रोड पर बह रहा नाली का गंदा पानी, राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में दिक्कत
मोहम्मद अय्यूब
उतरौला। उतरौला के मोहल्ला गांधीनगर स्थित मिशन रोड पर नाली चोक होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। गंदे पानी और कीचड़ की वजह से मोहल्ले वासियों के साथ राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
हर समय बहता है गंदा पानी, कीचड़ से सनी सड़क
स्थानीय लोगों के अनुसार नाली कई दिनों से भटी हुई है। इसी वजह से घरों का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। सड़क पर हर समय कीचड़ जमा रहता है। इस मार्ग पर रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। ब्लॉक, प्रेम सेवा अस्पताल, स्कूल और पूजा करने जाने वाले लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। गंदा पानी बहने से आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। खासकर छोटे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
दुर्गंध से घरों में रहना मुश्किल
मोहल्ला वासी सुरेंद्र मौर्य, अमरेश पांडे, राहुल जायसवाल, निजाम, पवन गुप्ता, अरमान, मोहम्मद अरशद और राहुल गुप्ता ने बताया कि कई दिनों से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे इतनी दुर्गंध आती है कि घरों में रहना दुश्वार हो गया है। लोगों को बीमारियों का डर भी सता रहा है।
ये खबर भी पढ़े : डीएम द्वारा निर्माणाधीन बस स्टेशन मुखलिसपुर एवं टीएचआर प्लांट नाथनगर का किया स्थलीय निरीक्षणशिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई
पूर्व सभासद प्रत्याशी रक्षा राम यादव ने बताया कि नाली की सफाई के लिए नगर पालिका में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मोहल्ले वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली की नियमित साफ सफाई कराई जाए और संक्रमण से बचाव के लिए दवा का छिड़काव किया जाए।
अधिशासी अधिकारी ने दिया सफाई का आश्वासन
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने कहा कि टीम भेजकर नाली की सफाई का काम कराया जा रहा है। उन्होंने जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
