उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर दिया निर्देश
बस्ती - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को जनपद बस्ती के भ्रमण के दौरान स्टेशन रोड स्थित होटल बालाजी प्रकाश में अमर उजाला द्वारा आयोजित “आभार समर्पण एवं चिकित्सक सम्मान समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया तथा उनके समर्पण, सेवा भावना और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
समारोह के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी ओपीडी तथा इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, स्वच्छता व्यवस्था तथा अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने अस्पताल में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर की रंगाई-पुताई कराकर साफ-सफाई एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रिक्त चिकित्सकीय पदों को शीघ्र भरा जाए, जिससे मरीजों को समय से बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। साथ ही अस्पताल परिसर में मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बेंच लगवाने के भी निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अस्पताल में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समयबद्ध एवं सुगमता से मिले।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों से सेवा भाव, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाअध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ,विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना,पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह,मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल,मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता,उप जिलाधिकारी राजेश यादव, एसआईसी डॉ अनिल कुमार साहित संबंधित विभागीयअधिकारी व जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
