लखनऊ अग्निकांड: शव देखकर भावुक हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
- सीएम योगी ने लिया जायजा, घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना
लखनऊ। राजधानी में एक कोचिंग एवं एनीमेशन प्रशिक्षण संस्थान में लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक हादसे की भयावहता देखकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं। अंदर चारों तरफ धुआं ही धुआं भरा हुआ था। फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। एक-एक सामान हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा न हो।”
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एक एनीमेशन सेंटर में लगी। आग भड़कने के बाद छात्र-छात्राओं ने जान बचाने के लिए भवन के पिछले हिस्से की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन घने धुएं के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल सके। बताया जा रहा है कि भवन के अंदर बड़ी मात्रा में फर्नीचर और अन्य सामान रखा था, जिससे धुआं तेजी से फैल गया और स्थिति और गंभीर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम बीच में छोड़कर लखनऊ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह घायलों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल रवाना हो गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी नई दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस हृदयविदारक घटना से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। शासन-प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
