लोकतंत्र सेनानी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम विदाई, भरखरी गांव में उमड़ा जनसैलाब
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे बिवांर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरखरी निवासी लोकतंत्र सेनानी एवं प्रख्यात ज्योतिषाचार्य संतोष कुमार त्रिपाठी का मंगलवार को 77 वर्ष की आयु में उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार भरखरी गांव में किया गया।
संतोष कुमार त्रिपाठी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानी होने के साथ-साथ ज्योतिष शास्त्र के विद्वान आचार्य के रूप में भी विख्यात थे। उनकी सटीक भविष्यवाणियों और गहन ज्योतिषीय ज्ञान के कारण दूर-दराज़ से लोग उनसे मार्गदर्शन लेने पहुंचते थे। लोकतंत्र सेनानी के निधन की सूचना पर बिवांर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर प्रेम प्रकाश ओझा एवं सब इंस्पेक्टर विजय बहादुर यादव ने पुलिस बल के साथ दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद बिगुल की मातमी धुन के बीच पुलिस जवानों ने शस्त्र झुकाकर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने कहा कि संतोष कुमार त्रिपाठी का सादा जीवन, उच्च विचार, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण और ज्योतिष के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताते हुए लोगों ने कहा कि उन्होंने समाज को जीवनभर मार्गदर्शन दिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
