कानपुर में युवक का सिर कटा शव बरामद
कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकनपुर मंगलवार को रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास सड़क किनारे युवक का सिर कटा शव मिला जबकि धड़ सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की तो धड़ से करीब 12 फीट दूर पानी भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर बरामद हो गया। सिर मिलने के बाद परिवार के लोगों ने शव की पहचान राज किशोर के रूप में की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से देवहा गांव निवासी राज किशोर पटवा (45) वर्तमान में बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर मोहल्ले में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी मधु और तीन बेटियां शुभी, अंशी व नैंसी हैं। पत्नी के मुताबिक राज किशोर महिलाओं के श्रृंगार से संबंधित सामान का कारोबार करते थे। परिजनों के अनुसार वह साइकिल लेकर देवहा गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे। बाद में मकनपुर रोड पर उनका सिर कटा शव पड़ा मिला। पास में साइकिल मिली, जबकि कुछ दूरी पर शर्ट का फटा कॉलर और अंगौछा पड़ा था।
सड़क पर सिर कटा शव मिलने की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बिल्हौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आब्दी और एसीपी अंकित कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच में धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है।
पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। इसी दौरान धड़ से करीब 10 से 12 फीट दूर पानी भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर पड़ा मिला। सिर बरामद होने के बाद परिजनों ने मृतक की पहचान की। पुलिस ने आसपास के स्थानों और मिले सामान को भी जांच के दायरे में लिया है। मृतक के शरीर और चेहरे पर सिर काटने के अलावा किसी अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
