रामा हॉस्पिटल में होमगार्ड की मौत, लापरवाही का आरोप
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित रामा हॉस्पिटल में पथरी की समस्या के चलते भर्ती कराए गए जगत के रहने वाले होमगार्ड जगदीश चंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक होमगार्ड जगदीश चंद्र को पथरी की समस्या के चलते रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद भी उसका उपचार अस्पताल में ही चल रहा था। आरोप है कि उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन समय रहते आवश्यक उपचार और उचित कदम नहीं उठाए गए। इसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से उपचार के संबंध में सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि यदि मरीज की बिगड़ती हालत को समय रहते गंभीरता से लिया जाता और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
