गोंडा में पांच दिन से लापता युवती की गन्ने के खेत में मिली लाश, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
गोंडा । उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भीटी भटवल गांव में पिछले 5 दिन से लापता 25 वर्षीय युवती शीला का शव गन्ने के खेत में पाया गया। शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा था और उस पर लाल कपड़ा डाला गया था। घटना की जानकारी गन्ने की कटाई कर रहे एक युवक ने दी, जिसने लाल कपड़े से ढकी हुई लाश देखी और मृतका के पिता अशोक कुमार को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
परिजनों के अनुसार, शीला 29 मार्च को दोपहर लगभग 12 बजे घर से बिना किसी को बताए निकली थी और वापस नहीं लौटी। 30 मार्च को परिजनों ने देहात कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुमशुदगी के पांच दिन बाद शव मिलने से मामला अब हत्या की शक के दायरे में आ गया है।
परिजन यह भी बता रहे हैं कि शीला की किसी युवक के साथ बातचीत चल रही थी, और पुलिस इसी एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस अब युवती के कॉल डिटेल, मोबाइल नंबर और उसके संपर्क में रहने वालों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए एसओजी, सर्विलांस और देहात कोतवाली पुलिस समेत कुल 4 टीमों का गठन किया गया है। सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
