राहुल गांधी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
देवरिया। जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में कहा कि फेसबुक पर जितेन्द्र जायसवाल नाम की आईडी से राहुल गांधी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के साथ संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस मामले में पहले भी भाटपाररानी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा स्थानीय थाने में प्रार्थना-पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर मामले की जांच कराने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर ने कहा कि सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन देने के बाद भी उचित कार्रवाई नहीं की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष चंदन वर्मा, जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश धनगर, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा, जिला सचिव विनोद दुबे तथा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष धनंजय यादव सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
