कॉल्विन के पास अवैध मीट की दुकानों की महापौर से शिकायत,कार्रवाई के दिए निर्देश
निशातगंज वार्ड की जन चौपाल में नागरिकों ने उठाए मुद्दे
लखनऊ। बुधवार को जोन-4 के कॉल्विन कॉलेज निशातगंज वार्ड में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को सुना। महापौर ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश जारी किये हैं।
जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में संचालित कुछ अवैध मीट दुकानों की शिकायत की। लोगों ने बताया कि दुकानों के एग्जॉस्ट फैन सड़क की ओर लगाए गए हैं तथा नवरात्र सहित अन्य अवसरों पर वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं को आवागमन में असुविधा होती है। इस पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने जोनल अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है तथा कई स्थानों पर दूषित पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है। नागरिकों ने सीवर लीकेज की शिकायत भी दर्ज कराई। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह जी को आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। जन चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में स्थित खेल मैदान को संरक्षित रखने की मांग उठाई। लोगों ने बताया कि मैदान के स्थान पर भवन निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, जिससे क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध खेल सुविधा प्रभावित होगी।
महापौर ने नागरिकों से इस संबंध में एक लिखित प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराने को कहा तथा आश्वासन दिया कि वह इस विषय को शासन स्तर पर उठाकर आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्राचार करेंगी। बाल्दा कॉलोनी के नागरिकों ने सीवर कनेक्शन से संबंधित समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। वहीं निशातगंज गली संख्या-1 के निवासियों ने क्षेत्र की सभी गलियों में गैस पाइपलाइन विस्तार की मांग की। महापौर ने नागरिकों से इस संबंध में लिखित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया और कहा कि नगर निगम स्तर से संबंधित गैस पाइपलाइन कंपनी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा।
जन चौपाल के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ स्थानों पर लोग स्वयं सड़कों एवं बैक लेन में कूड़ा डाल देते हैं तथा कूड़ा वाहन को कूड़ा देने के बजाय खुले में फेंक देते हैं। इस पर महापौर ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है जितनी प्रशासन की जिम्मेदारी। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
क्षेत्रवासियों ने नियमित कूड़ा उठान न होने की शिकायत भी की। इस पर महापौर ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला को निर्देश किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी लंबित शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू की जाए। image.png
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
