20 जुलाई को श्री लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
₹542.41 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं की सौगात; लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
मनोज शर्मा
- जनसभा को संबोधित करने के साथ करेंगे श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जनपद बाराबंकी के तहसील रामनगर अंतर्गत श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का प्रातः 10:55 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा कार्यक्रम स्थल पर आगमन होगा।
मुख्यमंत्री आगमन के उपरांत श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे तथा निर्माणाधीन कॉरिडोर का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही श्रावण मास मेले की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। तत्पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
इसके बाद विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे तथा आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का अपराह्न 01:00 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान प्रस्तावित है।
रामनगर एवं दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की 82 विकास परियोजनाएं होंगी जनसामान्य को समर्पित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से विधानसभा रामनगर एवं दरियाबाद क्षेत्र की कुल 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा, जिनकी कुल लागत लगभग ₹542.41 करोड़ है। इनमें 56 परियोजनाओं का शिलान्यास लगभग ₹409.09 करोड़ की लागत से तथा 28 परियोजनाओं का लोकार्पण लगभग ₹133.31 करोड़ की लागत से किया जाएगा। विधानसभा दरियाबाद क्षेत्र में लगभग ₹260.12 करोड़ की लागत से 46 परियोजनाएं (34 शिलान्यास एवं 12 लोकार्पण) तथा विधानसभा रामनगर क्षेत्र में लगभग ₹282.28 करोड़ की लागत से 36 परियोजनाएं (22 शिलान्यास एवं 14 लोकार्पण) जनसामान्य को समर्पित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
