विदेशों में भी यूपी के नाविक दक्षता की पहचान: कैप्टन पराशर
नाविक मान-सम्मान गोष्ठी में बोले कैप्टन नाविकों व जहाजों पर हमले नहीं होने चाहिए
- कहा, हॉर्मुज संकट में भी ईंधन आदि सामानों की आवाजाही में नाविकों का अहम रोल
लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर स्थित एक होटल में वीआर मैरीटाइम की से आयोजित नाविक मान-सम्मान गोष्ठी में नेशनल शिपिंग बोर्ड के पूर्व सदस्य कैप्टन संजय पाराशर ने समुद्री क्षेत्र में भारतीय नाविकों के योगदान, उनकी सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर अहम विचार रखे।
कहा कि आज दुनिया के सामने समुद्री सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है और जहाजों पर काम करने वाले नाविकों को किसी भी संघर्ष का निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहाज पर काम करने वाले नाविकों को आने वाली समस्याओं और समुद्री क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के प्रति लगातार आगाह किया जाना जरूरी है।
बताया कि उक्त संगठन से करीब 4,500 नाविक जुड़े हुए हैं, जिनमें लगभग 500 नाविक उत्तर प्रदेश से हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में भी उत्तर प्रदेश के नाविक अपनी मेहनत और दक्षता से अलग पहचान बना रहे हैं जोकि गर्व का विषय है। कैप्टन पाराशर ने पोर्ट एजेंटों और नाविकों से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि नाविकों के हितों की रक्षा और उनके साथ पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नाविकों से अपील की कि वे उपलब्ध वेलफेयर स्कीम, वित्तीय सहायता, शिक्षा एवं परिवार कल्याण से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी रखें और जरूरत पड़ने पर उनका लाभ उठाएं।
उन्होंने विशेष रूप से उन नाविकों के योगदान को भी सम्मानित किया, जिन्होंने हॉर्मुज संकट जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ईंधन और आवश्यक सामान लेकर समुद्री मार्गों से आवाजाही जारी रखी। गोष्ठी के दौरान समुद्री क्षेत्र में लंबे समय से योगदान देने वाले सीनियर नाविकों और अनुभवी कर्मियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में नाविकों के अनुभव, सुरक्षा, रोजगार और कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर प्रवीण शुक्ला, किशोर पति, नेहा सहित सैकड़ों की संख्या में नाविक और उनके परिवार मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
