दक्षिणी जोन में सड़क हादसों में मौत रोकने को जीरो फैटलिटी प्लान
हादसों पर लगाम और ट्रैफिक सुधारने को DCP मो. मुश्ताक का बड़ा कदम
मोहनलालगंज, लखनऊ। दक्षिणी जोन के डीसीपी मो. मुश्ताक ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को पूरी तरह रोकने और शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नई पहल शुरू की है। शनिवार को डीसीपी ने अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार समेत सभी एसीपी, थाना प्रभारियों और सीसी टीम प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक कर जीरो फाटलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेएफडी) और रेडूसिंग ट्रैफिक कंजेस्टिव (आरटीसी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
डीसीपी ने अधिकारियों से कहा कि प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर पीक आवर्स में यात्रा का समय कम किया जाए। यातायात का प्रवाह निर्बाध बनाए रखने के लिए मार्गों को अवरोधमुक्त रखा जाए। अतिक्रमण हटाने के साथ ही यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। डीसीपी ने दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
जेएफडी के तहत सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु और गंभीर चोटों को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। स्टंटबाजों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं ढाबों पर शराब सेवन की रोकथाम के लिए सात दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने सभी चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की नियमित समीक्षा करने और हादसों के कारणों का विश्लेषण कर उनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। थानों पर नियुक्त सीसी टीम प्रभारियों द्वारा की गई कार्रवाई की संबंधित एसीपी नियमित समीक्षा करेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
