कृषि विज्ञानं केंद्र पर क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन
बस्ती - जनपद में कृषि और उद्यानिकी उत्पादों के निर्यात को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने और स्थानीय हितधारकों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण एवं उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। इस एक दिवसीय कार्यशाला में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 प्रगतिशील कृषकों, किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रमुख निर्यातकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को मुख्य वक्ताओं के रूप में संबोधित करते हुए जिला एपीडा के प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह लोधी ने प्रतिभागियों को वैश्विक बाजार की मांग, पैकेजिंग तकनीकों, लॉजिस्टिक्स और निर्यात के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षित किया। इस अवसर पर एफपीओ को उद्यमिता से जोड़ने के पहलुओं पर प्रकाश डाला। कृषि विज्ञानं केंद्र वैज्ञानिक डॉ० प्रेम शंकर ने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फसल प्रबंधन करने के तौर-तरीके सिखाए। विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि किसान संगठित होकर अपने उत्पादों की बेहतर ग्रेडिंग और ब्रांडिंग कर सकते हैं, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में सीधे अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा और उनकी आय में भारी वृद्धि होगी।
कृषक क्षमता संवर्धन कार्यशाला में के०वी०के० प्रमुख आर0के0 तोमर, वैज्ञानिक डॉ० आर०बी० सिंह, एल०डी०एम० आर0एन0 मौर्य, उपायुक्त एन0आर0एल0एम0 आशा देवी द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उद्यान विभाग कर्मचारी पंकज कुमार मिश्र, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक सुभाष चन्द्र मिश्र, उद्यान निरीक्षक राजन कुमार गोंड, सहायक उद्यान निरीक्षक, आशीष कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक अश्वनी सिंह, प्रधान चौधरी आदि उपास्थित रहें।
कार्यक्रम के अंत में आए हुए प्रगतिशील किसानों और निर्यातकों की शंकाओं का समाधान करने के लिए एक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जहाँ अधिकारियों ने उनके सवालों के व्यावहारिक जवाब दिए। इस क्षमता संवर्धन कार्यक्रम को जनपद में कृषि उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने की दिशा में बेहद प्रभावी कदम माना जा रहा है । कार्यक्रम का समापन जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी ने राज्य सरकार द्वारा बागवानी के क्षेत्र में उ0प्र0 राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन की योजना का विस्तार से जानकारी देते हुए किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
