किशोरी की मौत पर बड़ा खुलासा! परिजनों ने युवक और उसकी मां पर लगाए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के उरई कोतवाली क्षेत्र के मडोरा गांव में 16 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक युवक और उसकी मां पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मडोरा गांव में बीती 17 जून को 16 वर्षीय किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी। अब मृतका के परिजनों ने इस मामले में गांव के ही एक युवक और उसकी मां पुष्पा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के परिजनों का कहना है कि युवक काफी समय से उनकी बेटी को फोन कर अश्लील बातें करता था और उसे मानसिक रूप से परेशान करता था। जब इसकी शिकायत उसकी मां से की गई तो उन्होंने बेटे को समझाने के बजाय उल्टा शिकायत करने पर परिवार को धमकाना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना और दबाव के कारण किशोरी तनाव में रहने लगी थी और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मृतका के पिता राजकुमार ने बताया कि उनकी बेटी सामान्य स्वभाव की थी, लेकिन पिछले कुछ समय से वह काफी परेशान रहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसने अपनी जान दे दी। वहीं परिजन राजेश कुमार ने भी आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए।
कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
