टीजीटी परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, दूसरे अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दे रहा युवक गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित टीजीटी परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। अमीनाबाद स्थित विद्यान्त हिन्दू इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा दे रहे एक युवक को पकड़ लिया गया। आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार केंद्र व्यवस्थापक पवन कुमार सिंह की तहरीर पर थाना अमीनाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम मनुज पुत्र सुरजू निवासी बसखारी, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह फर्रुखाबाद निवासी अभ्यर्थी जितेन्द्र सिंह यादव के स्थान पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे टीजीटी परीक्षा की प्रथम पाली में बैठा था।
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र पर उसकी पहचान संदिग्ध पाए जाने पर दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, जिसमें पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। उसकी मुलाकात कानपुर के काकादेव क्षेत्र में पंकज नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उसे परीक्षा में बैठने के एवज में पैसे कमाने का लालच दिया। आरोपी के अनुसार पंकज ने ही फर्जी आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार कर उसे उपलब्ध कराए थे।
पुलिस का कहना है कि मामले में फर्रुखाबाद निवासी वास्तविक अभ्यर्थी जितेन्द्र सिंह यादव की भूमिका भी संदिग्ध है। इसके अलावा पंकज नामक व्यक्ति की तलाश की जा रही है, जिसने पूरे फर्जीवाड़े की साजिश रची। मामले में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
