राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में बस्ती मण्डल को तीसरा स्थान
बस्ती - वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में 30 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बस्ती मंडल के अंडर-19 बालक वर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में बस्ती मंडल ने मेजबान आजमगढ़ मंडल को 1-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बस्ती मंडल के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ पर दबाव बनाया। पहले हाफ में आयुष ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद आजमगढ़ मंडल ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन बस्ती के खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षापंक्ति के साथ सभी हमलों को विफल कर दिया। निर्धारित समय तक बस्ती की बढ़त कायम रही। कप्तान अनुभव सिंह के नेतृत्व में टीम ने पूरी प्रतियोगिता में अनुशासन, जुझारूपन, खेल भावना और शानदार टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने टीम की सफलता पर खिलाड़ियों, कप्तान, प्रशिक्षकों, प्रबंधकों, शारीरिक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल करना बस्ती मंडल के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन ने साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास से बस्ती के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव सहित प्रभाकर ओझा, मनोज कुमार राय, चंद्र प्रकाश पांडेय, जगन्नाथ यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार वर्मा, माता प्रसाद त्रिपाठी सहित शारीरिक शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने टीम को बधाई दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
