बरेली-जेवर हवाई सेवा शुरू, सांसद ने पहली महिला यात्री को दिया बोर्डिंग पास, केक काटकर मनाया ऐतिहासिक पल
बरेली । लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बरेली और नोएडा (जेवर एयरपोर्ट) के बीच बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा शुरू हो गई। बुधवार को पहली उड़ान के साथ बरेली ने उत्तर प्रदेश के उड्डयन मानचित्र पर एक और उपलब्धि दर्ज कर ली। उद्घाटन समारोह में बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने पहली महिला यात्री को पहला बोर्डिंग पास सौंपकर इस नई हवाई सेवा का शुभारंभ किया।
नई उड़ान की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनी ने विशेष आयोजन किया। सांसद छत्रपाल गंगवार, एयरपोर्ट अधिकारियों और कर्मचारियों ने पहली महिला यात्री से केक कटवाया। पहली उड़ान को लेकर यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ में खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्सव जैसा रहा।
ये खबर भी पढ़े : भारतीय रेलवे ने बिहार में यात्री और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ाने के लिए 499 करोड़ रुपये की मानसी-सहरसा दोहरीकरण परियोजना को मंजूरी दीपहला बोर्डिंग पास मिलने पर महिला यात्री की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने कहा कि बरेली-नोएडा हवाई सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच सफर अब बेहद आसान और तेज हो जाएगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि यह सिर्फ इस रूट की पहली उड़ान ही नहीं, बल्कि उनके जीवन की भी पहली हवाई यात्रा है। इस खास पल को वह कभी नहीं भूलेंगी।
इस ऐतिहासिक अवसर पर बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी, कर्मचारी और विमानन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पहली उड़ान को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया और यात्रियों का स्वागत किया।
बरेली-जेवर हवाई सेवा शुरू होने से बरेली समेत आसपास के जिलों के व्यापारियों, उद्यमियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक कम समय में पहुंचना अब पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान होगा। माना जा रहा है कि यह सेवा क्षेत्र के व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी नई गति देगी।
बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि बरेली-जेवर हवाई सेवा का शुभारंभ क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस रूट की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। इस सेवा से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही बरेली और आसपास के जिलों के व्यापार, उद्योग, शिक्षा और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट प्रशासन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में अन्य नए रूटों पर भी उड़ानें शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
