बहराइच: लखनऊ-बहराइच हाईवे पर बस और इको वैन में जोरदार भिड़ंत, 7 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

जरवलरोड बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरवल रोड थाना क्षेत्र के चुरईपुरवा मुस्तफाबाद के पास बुधवार शाम करीब सवा चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बहराइच के मटेरा से सवारियां लेकर लखनऊ की ओर जा रही इको वैन और विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस में आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त इको वैन में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे, जो लखनऊ से मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए अपने घरों से निकले थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान फकर (35) पुत्र बड़कउ, आरिफ (30) पुत्र भुरऊ, बबलू (42) पुत्र कुदुस निवासीगण अम्बावा जौहर सिसैया, थाना रिसिया, बहराइच, इको चालक मोहम्मद सलीम (40) पुत्र गुलाम वारिस निवासी घोसियाना दरगाह थाना दरगाह शरीफ जिला बहराइच, फरियाद खान (26) पुत्र इरशाद खान, फरमान खान (28) पुत्र नौसाद खान और फरमान खान (30) पुत्र मजीद खान निवासीगण रहमत पुरवा पुरवारी, थाना मटेरा, बहराइच के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और थाना प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने फकर, फरमान खान, चालक मोहम्मद सलीम और फरियाद खान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। राहत की बात यह रही कि रोडवेज बस के चालक, परिचालक और उसमें सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। जरवल रोड थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि सभी यात्रियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मौके से दुर्घटनाग्रस्त वाहनो को हाईवे से हटवा कर आवागमन बहाल करा दिया गया। दोनो वाहन कब्जे में हैं। रोडवेज यात्रियों को दूसरे बस से बहराइच भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 15 वर्षों का अनुभव रखने वाले अरुण अग्रवाल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बहराइच ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग और संतुलित कवरेज के साथ वह लगातार समाचारों पर काम कर रहे हैं।
