लोकमाता का व्यक्तित्व व कृतित्व जन जन तक पहुंचे : अरुण साव
हरियाणा के राज्यसभा सांसद के विवादित बयान पर साधी चुप्पी
झांसी। भाजपा द्वारा आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव झांसी पहुंचे। सर्किट हाउस में पहुंचने पर उनका भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने पत्रकारों से झांसी आने का उद्देश्य बताते हुए कहा कि लोकमाता के व्यक्तित्व व कृतित्व को जन जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने हरियाणा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के विवादित बयान पर किये गए सवाल पर चुप्पी साध ली।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में समाज सुधारक अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती मना रही है। इसी कड़ी में अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को झांसी में भी भाजपा द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बतौर मुख्यातिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर-हजरत निजामुद्दीन छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से झांसी पहुंचे। उन्होंने अपने झांसी आने का उद्देश्य बताया। कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के सुशासन को याद करते हुए पूरे देश में भाजपा ये कार्यक्रम आयोजित कर रही है।, लेकिन जैसे ही उनसे हरियाणा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। उनके साथ महापौर बिहारीलाल आर्य समेत भाजपा महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार आदि उपस्थित रहे।
टिप्पणियां