आप छात्र संगठन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बने अंशुल, कार्यकर्ताओं ने दी बधाइयाँ
विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज, संगठन में किया बड़ा फेरबदल
- छात्रों की समस्याओं, अधिकारों के लिए अब संगठन और अधिक मजबूती से करेगा काम: अंशुल
मोहनलालगंज लखनऊ। आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए अपने छात्र संगठन में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। इसी क्रम में पार्टी के साथ लंबे समय से सक्रिय रूप से जुड़े और संगठन के लिए लगातार संघर्ष कर रहे लखनऊ निवासी अंशुल यादव को छात्र संगठन का वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के छात्रों की समस्याओं, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अब संगठन और अधिक मजबूती के साथ काम करेगा।
अंशुल यादव ने कहा अब समय आ गया है कि प्रदेश का हर छात्र अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाए। हमारी प्राथमिकता छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाना है। छात्रों के अधिकारों और उनके सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष को और अधिक धार दी जाएगी। किसी भी छात्र का दमन, शोषण या अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में छात्र शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में संगठन छात्रों की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।इस अवसर पर अंशुल यादव ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह तथा छात्र संगठन के प्रभारी वंशराज दुबे का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं और छात्रों को संगठन से जोड़ने तथा उनके अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए वह निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छात्र संगठन प्रदेशभर में छात्रों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाएगा तथा छात्र हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाएगा।अंशुल यादव की नियुक्ति को आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में संगठन प्रदेश के अधिक से अधिक छात्रों तक अपनी पहुंच बनाते हुए उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
