प्रदेश मंत्री बनने के बाद पहली बार जालौन पहुंचे अनिल यादव, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
उरई । भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश प्रदेश मंत्री डाॅक्टर अनिल यादव के पहली बार जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। बीती रात कालपी पुल, आटा टोल प्लाजा तथा भाजपा जिला कार्यालय उरई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने किया।
डाॅक्टर अनिल यादव के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय बाद जनपद जालौन को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। जगह-जगह पार्टी समर्थकों ने फूल बरसाकर और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री डाॅक्टर अनिल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे जनपद का सम्मान है। उन्होंने कहा, यह पद मुझे नहीं मिला है, बल्कि मेरे जनपद को मिला है। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर संगठन में बड़ी जिम्मेदारी प्राप्त कर सकता है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन के लिए लगातार कार्य करते रहना चाहिए।
ये खबर भी पढ़े : प्रयागराज: स्कूलों के ऊपर अब भी हाईटेंशन तार, डीएम ने अफसरों को दी एफआईआर की चेतावनीउन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है तथा आगे भी संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर कार्य करना होगा।
स्वागत कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, नागेंद्र गुप्ता, संजीव उपाध्याय, नरेंद्र सिंह जादौन, जगदीश तिवारी, पुष्पेंद्र सेगर, प्रशांत द्विवेदी, मनोज यादव, अशोक राठौर, राम अनुग्रह राजावत, अमित पांडेय, नीरज दुबे, रेखा वर्मा, मीनू मिश्रा सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं जिले भर से आए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मंत्री अनिल यादव को पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
