कांवड़ यात्रा मार्ग की साफ-सफाई को लेकर प्रशासन ने चलाया विशेष अभियान
बस्ती - सावन मास की पवित्र कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। अयोध्या धाम के सरयू तट से प्रारंभ होकर शिव मंदिरों तक पहुंचने वाली कांवड़ यात्रा का लगभग 60-65 किलोमीटर लंबा मार्ग जनपद बस्ती क्षेत्र में पड़ता है।
जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यापक साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। हाईवे एवं सड़क के दोनों किनारों, भंडारा स्थलों तथा दुकानों के आसपास जमा कूड़े-कचरे की सफाई के साथ-साथ नालियों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा मुख्य मार्ग एवं उससे जुड़े संपर्क मार्गों की भी साफ-सफाई कराई जा रही है।स्वच्छता अभियान के दौरान विकासखंड हर्रैया, कप्तानगंज, दुबौलिया, कुदरहा एवं साऊघाट के साथ ही हाईवे पर स्थित विकासखंड कप्तानगंज, हर्रैया एवं विक्रमजोत के सफाई कर्मचारियों, ग्राम पंचायत सचिवों तथा संबंधित सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर नियमित सफाई बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
