चंदा चोरी में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास है पीएम मोदी की चुप्पी- प्रमोद तिवारी
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने भाजपा पर राजनैतिक गिरावट की पराकाष्ठा को लेकर बोला हमला
लालगंज, प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने भगवान श्रीराम मंदिर चन्दा चोरी मामले में केन्द्र की मोदी सरकार पर चन्दा चोरी करने वाले बड़े लोगों को बचाने के प्रयास का तगड़ा आरोप लगाया है। उन्होने कहा कि श्रीराम जी के मंदिर में चढ़ावा चंदा चोरी को लेकर देश व राम भक्त जानना चाहते है कि आखिर इस गंभीर मसले पर पीएम मोदी क्यों चुप्पी साधे हुए है।
सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि सीधे तौर पर इस घिनौने कृत्य में अयोध्या में भगवान श्रीराम के पवित्र मंदिर में चंदा चोरी के बड़े गुनहगारों को मोदी सरकार बचा रही है। उन्होने कहा कि अवध क्षेत्र में जनमानस को पहले से मालूम था कि मंदिर में गड़बड़ी चल रही है और चढ़ावे की धनराशि में हेराफेरी हो रही है। उन्होने कहा कि इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी इससे अनजान बनी रही। उन्होने कहा कि चंदा चोरी की घटना महज इत्तेफाक नहीं बल्कि यह पूरी तरह से सुनियोजित संगठित गैंग द्वारा किया जा रहा था। उन्होने कहा कि यह संगठित गैंग चंदे के रूपयो की चोरी कर धनराशि को बाहर ले जाता था। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि एक दो बार नहीं बल्कि चालीस दिनों में सत्तर बार इस चोरी की धरपकड़ हुई। उन्होने आश्चर्य जताया कि इस गैंग द्वारा चोरी की धनराशि को शेयर बाजार तथा सटटा बाजार में खुलेआम लगाया जाता था। उन्होने कहा कि गंभीर पहलू यह भी है कि चंदे चोरी की रकम से लोगों को ब्याज पर कर्ज दिये जाते थे। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि बड़े खुलासे के बावजूद लोगों के बीच यह सवाल कौंध रहा है कि सीधे तौर पर जिम्मेदार चम्पत राय सहित अन्य प्रमुख दोषी जेल में न होकर अब तक जेल के बाहर कैसे हैं।
उन्होने कहा कि इस गोरखधंधे में इससे बड़ा तथ्य और क्या उजागर होगा कि इन्हीं चंपतराय की आईडी का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होने कहा कि सच्चाई उजागर होने के बावजूद भाजपा सरकार फर्जी जांच का नाटक कर अभी भी प्रमुख दोषियों को बचाने का भरपूर प्रयास कर रही है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इससे यह भी साफ है कि यह घिनौना खेल इन्हीं लोगों तक सीमित न होकर बड़े पैमाने पर होने के कारण केंद्र की बीजेपी सरकार नामचीन दोषियों को बचा रही है। उन्होने कहा कि सबसे अहम पहलू यह है कि सच्चाई सामने आने पर जिन लुटेरों के नाम उजागर हो रहे हैं उनके पास तो लूट का एक भी प्रतिशत पैसा ही होगा। सांसद प्रमोद तिवारी के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में जांच हुई तो यह सामने होगा कि इस लूट की निन्यान्वे प्रतिशत धनराशि कहीं अन्यत्र जा रही थी।
उन्होने कहा कि आरएसएस लूट के इस घिनौने कृत्य पर मंथन न करे बल्कि वह इस पाप के जिम्मेदार के रूप में स्वयं तथा भाजपा देश की जनता से माफी मांगे। सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा को यह भी नसीहत दी है कि वह यह झूठ तथा भ्रम फैलाना बंद करे कि कांग्रेस पार्टी ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर कभी सवाल उठाया था। उन्होने कहा कि सच्चाई जगजाहिर है कि 1989 में स्व0 राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल में सरदार बूटा सिंह के गृहमंत्री रहते अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ था।
वही सांसद प्रमोद तिवारी ने एक दिन पहले भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले टीएमसी के सुखेन्दु शेखर राय, सुस्मिता देव और प्रकाश चिक बारिक को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने के निर्णय को राजनैतिक मूल्यों के प्रति गिरावट की पराकाष्ठा कहा। उन्होने भाजपा को उसका अतीत याद दिलाते हुए तंज कसा कि महज एक वोट से हारने के बाद इस्तीफा देने वाले स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी ने सरकार कुर्बान कर दी थी और इसके विपरीत भाजपा इस तरह के कृत्य से चाल, चरित्र और चेहरे की खराबी का घिनौना प्रदर्शन कर रही है। सांसद प्रमोद तिवारी का बयान शुक्रवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
