5.70 लाख पशुओं को लगेगा खुरपका-मुंहपका का मुफ्त टीका, बिजनौर में अभियान शुरू
जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
रामनाथ सिंह
- अभियान के तहत 5.70 लाख गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं को नि:शुल्क टीकाकरण
बिजनौर। जनपद में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी की रोकथाम के लिए बुधवार से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू हो गया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग की टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलेगा, जिसके तहत 5.70 लाख गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार की एफएमडी नियंत्रण कार्यक्रम (FMDCP) योजना के तहत जनपद के सभी 11 विकास खंडों में अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 30 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है, जो गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पात्र पशुओं को मुफ्त टीका लगाएंगी। उन्होंने बताया कि चार माह से कम आयु के बछड़ों और आठ माह से अधिक गर्भित गाय-भैंसों को छोड़कर सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। साथ ही ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से भी टीकाकरण टीमों का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मुंह में छाले पड़ना, अधिक लार टपकना, खुरों में घाव या छाले होना, चलने में लंगड़ापन, बुखार, सुस्ती, भूख कम लगना तथा दूध उत्पादन में कमी खुरपका-मुंहपका रोग के प्रमुख लक्षण हैं।
उन्होंने पशुपालकों को नियमित टीकाकरण कराने, बीमार पशुओं को अलग रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, खुरों की सफाई एवं कीटाणुनाशक के उपयोग तथा स्वच्छ पानी और चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी। अधिक जानकारी के लिए पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सालय से संपर्क कर सकते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
