लेडी डॉन पर 2.45 करोड़ की ठगी का आरोप, हेड कांस्टेबल संग कारोबारी को बनाया शिकार
जोधपुर। शहर की चर्चित लेडी डॉन एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार उस पर मध्यप्रदेश के एक हैड कांस्टेबल के साथ मिलकर एक मिठाई कारोबारी से 2 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगा है।
आरोप है कि कारोबारी को भरोसे में लेने के लिए नेताओं, हाईकोर्ट के जजों और वरिष्ठ अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया गया। यहां तक कि फोन पर फर्जी बातचीत कर प्रभावशाली पहुंच का नाटक भी किया गया।
पीडि़त पर्वत सिंह राजपुरोहित ने बोरानाडा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका निम्बाहेडा में मिठाई का कारोबार है। पिछले करीब 27 सालों से वहां रह रहे हैं।
कुछ साल पहले उनकी पहचान मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा थाने में तैनात हैड कांस्टेबल राघव सिंह राजपूत से हुई थी। वह उनके रेस्टोरेंट में आता-जाता रहता था।
इसके चलते उनकी जान पहचान दोस्ती में बदल गई। दोस्ती बढऩे के बाद उसने निवेश और प्रॉपर्टी में फायदा दिलाने का भरोसा देकर फरवरी 2025 में उसे जोधपुर लाकर लेडी डॉन से मिलवाया था।
शिकायत के अनुसार, हैड कांस्टेबल ने पीडि़त पर्वतसिंह राजपुरोहित से कहा कि वह उसे ऐसी महिला से मिलवाएगा, जिसकी बड़े बड़े अधिकारियों, नेताओं, हाईकोर्ट के जजों से अच्छी जान पहचान है।
वह आपके काम चुटकियों में करवा सकती है। इसके बाद हैड कांस्टेबल पर्वतसिंह को जोधपुर लेकर आया और यहां पाश्र्वनाथ कॉलोनी पाल बाईपास पर से मिलवाया।
रिपोर्ट में पर्वतसिंह ने बताया कि झांसे में लेने के लिए महिला ने अपने फोन से नेताओं के नाम से फोन किया और हमारे सामने ऐसे दिखावा किया कि उसने अलग-अलग नेताओं से बड़े अधिकार से बात की है, हालांकि बाद में पता चला कि उसका एक ग्रुप है जिसके नंबर उसने मंत्रियों नेताओं और अधिकारियों के नाम से सेव करके रखे हैं, जिससे कि लोगों को गुमराह किया जा सके।
इस तरह से दिया झांसा
महिला ने पर्वतसिंह से कहा कि चित्तौडग़ढ़ के सांवरियाजी मंदिर में बनने वाला ट्रस्ट का अध्यक्ष उनका आदमी होगा इसलिए प्रसाद का ठेका वह मुझे (पर्वतसिंह) को दिला देंगे।
यही नहीं महिला डॉन ने यह भी कहा कि अगर कोई ट्रांसफर का काम होगा तो भी वह आसानी से करवा देगी, क्योंकि इसकी एसपी से लेकर आईएएस तक जान-पहचान है। इसके बाद महिला ने उसे इन्वेस्ट के नाम पर एक करोड़ 5 लाख रुपए नगद लिए।
यह रकम महिला के दो बेटों को दी गई। कुछ दिनों बाद उसके मित्र की अग्रिम जमानत के नाम पर 1 करोड़ 40 लाख रुपए भी दिए। कुछ महीने तक तो उनके घर पर पुलिस नहीं आई, लेकिन उसके कुछ महिनों बाद उनके मित्र के बेटे को अरेस्ट कर लिया।
मामले में पुलिस ने महिला, उसके दो बेटों और मध्यप्रदेश पुलिस के एक हैड कांस्टेबल समेत चार लोगों के खिलाफ 2 करोड़ 45 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
