मंडी टैक्स बढ़ाने पर भड़के व्यापारी, सरकार के फैसले के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क में की गई डेढ़ प्रतिशत की बढ़ोतरी के विरोध में आज मंगलवार को अनाज व्यापारी हड़ताल पर हैं, जिसके चलते प्रदेश की सभी कृषि मंडियों में नीलामी का काम पूरी तरह बंद रहेगा।
अनाज व्यापारी महासंघ के आह्वान पर यह हड़ताल की जा रही है। महासंघ ने सभी मंडी सचिवों को इस संबंध में पत्र भेजा है, जिसमें बताया गया कि 16 जून से लागू हुई मंडी शुल्क की वृद्धि के विरोध में 'सकल अनाज दलहन तिलहन व्यापारी महासंघ मध्य प्रदेश' ने पूरे राज्य में एक दिन की हड़ताल का फैसला किया है।
अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष भगवान दास अग्रवाल ने सरकार के इस कदम को अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि बाजार में पहले से ही मंदी और महंगाई की मार है, ऐसे में शुल्क बढ़ाना सही नहीं है। उन्होंने इसे सरकार को जगाने के लिए एक प्रतीकात्मक विरोध बताया है और इस फैसले पर फिर से विचार करने की मांग की है।
तिलहन व्यापारी संघ इंदौर के अध्यक्ष मनोज काला का कहना है कि गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र जैसे तमाम राज्यों के मुकाबले पहले से ही प्रदेश में मंडी शुल्क ज्यादा था। अब और बढ़ा दिया गया। इसका विरोध जरूरी है। हमें तो काफी पहले विरोध शुरू कर देना था।
सकल अनाज-तिलहन व्यापारी महासंघ इंदौर के अध्यक्ष गोपालदास अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री से इस मामले पर चर्चा जारी थी। हमें पहले खबर लगी कि शुल्क बढ़ा रहे हैं तो सरकार में बैठे लोगों ने कहा था कि ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। इसी बीच अचानक निर्णय हुआ और लागू भी कर दिया गया।
इधर, हड़ताल के मद्देनजर मंडी सचिवों ने सभी किसान भाइयों से विशेष आग्रह किया है कि मंगलवार को नीलामी कार्य पूरी तरह बंद रहने के कारण वे अपनी फसल बेचने के लिए मंडी न आएं, ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये खबर भी पढ़े : ट्विशा शर्मा मौत मामलाः दिल्ली एम्स ने सीबीआई को सौंपी दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जांच में आई तेजी
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
