मूसलाधार बारिश ने उजाड़े दो गरीब परिवारों के आशियाने, मकान ढहा
भारी बारिश में जोनसन आईन्द का निजी मकान और पुष्पल आईन्द का पीएम आवास ध्वस्त
- पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मदद की लगाई गुहार
खूंटी। लगातार हुई मूसलाधार बारिश और अतिवृष्टि से उड़ीकेल पंचायत के चांपी गांव में दो गरीब परिवारों का आशियाना उजड़ गया। 28 और 29 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण गांव के जोनसन आईन्द का निजी मकान और पुष्पल आईन्द का प्रधानमंत्री आवास शनिवार की रात अचानक ध्वस्त हो गया। मकान गिरने से दोनों परिवारों के समक्ष रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि मकान ध्वस्त होने की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उड़ीकेल पंचायत के मुखिया क्षत्री हेमरोम रविवार को चाम्पी पहुंचे और दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ध्वस्त मकानों का जायजा लेते हुए बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। मुखिया ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के कारण गरीब परिवारों का आशियाना उजड़ना बेहद दुखद है। दोनों परिवारों की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवारों को सरकारी राहत और आवास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
इधर, मकान गिरने के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता तथा रहने के लिए आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
