रिटायर्ड कर्मचारी के बैंक खाते से साढ़े छह लाख रुपये चोरी
झज्जर। बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के पेंशन खाते से करीब साढ़े छह लाख रुपये चोरी हो गए। अपने खाते से यह राशि गायब होने की जानकारी उन्हें तब मिली जब वह किसी काम के संबंध में कुछ पैसे निकलवाने के लिए बैंक गए। पीड़ित व्यक्ति ने अपने घर में काम करने वाली महिला के बेटे पर भी खाते से यह राशि उड़ा लेने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने मंगलवार रात को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैंक खाते से कई लाख रुपये की यह राशि चोरी होने के शिकार हुए श्याम सुंदर लाइनपार बहादुरगढ़ के सुभाष नगर में रहते हैं। वह सेवा मुक्त सरकारी कर्मचारी हैं। उनका पेंशन खाता रेलवे स्टेशन बहादुरगढ़ के सामने इंदिरा पार्क कॉलोनी में स्थित सेंट्रल बैंक में है। श्याम सुंदर ने लाइनपार थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनके बैंक खाते से करीब साढ़े छह लाख रुपये की राशि चोरी कर ली गई है। अपने खाते से यह रकम चोरी होने की जानकारी उन्हें उस वक्त मिली जब 13 जून को वह किसी काम के लिए कुछ पैसे निकलवाने हेतु बैंक गए। उन्होंने बैंक में नकदी निकलवाने का फॉर्म भरा और बैंक कर्मचारियों को दे दिया। प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए बैंक कर्मचारी ने चेक किया तो खाते में इतनी राशि थी ही नहीं। यह सुनते ही उन्हें धक्का लगा और बैंक स्टेटमेंट निकलवाई। साथ ही पासबुक में संपूर्ण एंट्री भी कार्रवाई। खाते का विवरण देखने से पता चला कि उनके खाते से यह राशि 22 मई से 13 जून के बीच में निकाली गई है। कुछ राशि किसी दिन और कुछ राशि किसी दिन निकाली गई। श्याम सुंदर ने अपने घर में काम करने वाली महिला के बेटे पर भी उनके खाते से राशि चोरी करने का संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि 22 मई को इस लड़के ने उनके घर से उनके मोबाइल फोन का सिम चोरी कर लिया था। कुछ नकद राशि भी चुरा ली थी। नकद राशि लड़के के पिता ने उन्हें लौटाई। हालांकि, दूसरा सिम भी उन्होंने निकलवा लिया। लेकिन इसके बावजूद उन्हें शक है कि उनके खाते से यह राशि इस लड़के ने ही चोरी की होगी। श्याम सुंदर ने पुलिस से उनकी रकम बरामद करवाने और अपराधी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। लाइनपार थाना, बहादुरगढ़ के प्रभारी पवनवीर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है। बैंक अधिकारियों से भी मामले की जांच के लिए मदद ली जाएगी
टिप्पणियां