जींद : जमीन विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की तेजधार हथियार से हत्या
जींद। अलेवा खंड के गांव संडील में मंगलवार को जमीनी विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपित बड़ा भाई मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। अलेवा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव संडील में 35 वर्षीय खुशीराम व उसके बड़े भाई सत्यवान के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार दोनों भाइयों में जमीन का बंटवारा भी हुआ था। जिस पर खुशीराम अपने घर आ गया था।
कुछ समय बाद ही सत्यवान अपने भाई खुशी राम के पास पहुंचा और दोनों में जमीन बंटवारे को लेकर बहस हो गई। तैश में आए सत्यवान ने पास ही तेजधार हथियार से खुशीराम पर वार कर दिए। जिसमें खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात को अंजाम देकर सत्यवान मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग तथा अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल खुशीराम को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए।
जहां चिकित्सकों ने खुशीराम को मृत घोषित कर दिया। अलेवा थाना पुलिस ने मृतक खुशीराम के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक इस मामले में बयान दर्ज नहीं हुए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
