राज्य में भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान देगी राज्य सरकार
आईएनटीएसीएच के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री से की भेंट
यमुनानगर के टोपरा कलां में होगा बौद्ध स्तूप का निर्माण
चंडीगढ़। हरियाणा में भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलाें को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी में राज्य का विरासत व पर्यटन विभाग कार्य कर रहा है। प्रदेश में भगवान बुद्ध की यात्रा से जुड़े विभिन्न स्थानों को विकसित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक, ऐतिहासिक व आध्यात्मिकता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसकी शुरूआत यमुनानगर के गांव टोपरा कलां में भगवान बुद्ध के स्तूप निर्माण के साथ होगी।
उक्त विचार राज्य के विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने व्यक्त किए। मंत्री शर्मा गुरुवार को हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत ट्रस्ट यमुनानगर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर रहे थेभारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल में सिद्धार्थ गौरी व विंग कमांडर अमन मेहता ने मंत्री शर्मासे टोपरा कलां में बौद्ध स्तूप निर्माण व हरियाणा बौद्ध सर्किट की स्थापना को लेकर चर्चा की। इस पर पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास एवं महान व्यक्तित्वों के विचार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर बड़ी परियोजनाओं को बढ़ावा दिया है।
प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने मंत्री को बताया कि टोपरा कलां स्थित अशोक एडिक्ट पार्क ऐतिहासिक महत्व का स्थल है, जहां 2019 में 30 फुट व्यास का अशोक चक्र स्थापित किया गया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-20 की शुरुआत टोपरा स्तंभ के अभिलेख से की थी। उन्होंने बताया कि भगवान बुद्ध ने हरियाणा आगमन में टोपरा कलां में जिस स्थान पर महासत्तिपठन सुत्त का उपदेश दिया था, वहां पर 55 फुट उंचाई का बौद्ध स्तूप स्थापित किया जाएगा। यह स्तूप हरियाणा में लगभग 700 वर्षों बाद बनने वाला महत्वपूर्ण बौद्ध स्मारक होगा। इसके लिए 250 से अधिक ग्रामीणों ने इसके समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं, जो स्थानीय विरासत के पुनरुत्थान की भावना को दर्शाता है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने हरियाणा पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक डॉ शालीन को निर्देश देते हुए कहा कि टोपरा कलां में स्तूप निर्माण योजना को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बौद्ध सर्किट हरियाणा की प्राचीन बौद्ध यात्रा को दर्शाएगा, जो अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करेगा। प्रस्तावित बौद्ध सर्किट में प्रमुख स्थल टोपरा कलां, चनेटीए आदि बद्री, ब्रह्मसरोवर, असंध और अग्रोहा को शामिल करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इसके विस्तार के लिए चर्चा की जाएगी।
भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत ट्रस्ट यमुनानगर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने बाैद्ध स्तूप निर्माण के लिए मंत्री डॉ शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजनाएं न केवल क्षेत्रीय विकास, बल्कि हरियाणा की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होंगी।
टिप्पणियां