पुलिस अपराध जांच शाखा ने आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते तीन को किया गिरफ्तार
फतेहाबाद । फतेहाबाद पुलिस की अपराध जांच शाखा की टीम ने मोहम्मदपुर रोही क्षेत्र के खेतों में चल रहे एक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फतेहाबाद के डीएसपी रोड निवासी हितेश कुमार, गांव मोहम्मदपुर रोही निवासी अमन जांगू और शक्ति नगर फतेहाबाद निवासी संदीप के रूप में हुई है। शनिवार को इस बारे जानकारी देते हुए सीआईए फतेहाबाद प्रभारी उप-निरीक्षक वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीम नया बस अड्डा, मोहम्मदपुर रोही के पास गश्त और अपराध नियंत्रण ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मोहम्मदपुर रोही निवासी मनजीत सिंह के खेत में बने कमरे के बाहर खुले मैदान में कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का खेल चला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी दल का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को सट्टा लगाते हुए काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन सहित कुल 5 मोबाइल फोन, सट्टेबाजी का पूरा हिसाब-किताब दर्ज करने वाला रजिस्टर, पेन और 3,710 रुपये की सट्टा राशि बरामद की गई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में द हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 2025 की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
