रायपुर में दो दिन में 143 वारंट तामील, फरार वारंटी गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में चलाए गए दो दिवसीय विशेष वारंट तामीली अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 143 वारंट तामील किए।
अभियान में लंबे समय से फरार चल रहे कई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 से जुड़े मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर सोमवार और मंगलवार को जोन के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला ने किया।
पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार दबिश देकर लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के तहत थाना सिविल लाइन ने 37, थाना तेलीबांधा ने 18, थाना देवेंद्र नगर ने 8, थाना कोतवाली ने 13, थाना गोलबाजार ने 22, थाना मौदहापारा ने 14 तथा थाना गंज ने 31 वारंट तामील किए। इनमें 86 स्थायी वारंट और 57 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इस तरह कुल 143 वारंटों की तामीली सुनिश्चित की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित होता है और अपराधियों में कानून का भय बना रहता है।
ये खबर भी पढ़े : बिलासपुर: धान रोपाई पर जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, छह घायलऐसे कई वारंटी संपत्ति संबंधी एवं अन्य अपराधों में दोबारा संलिप्त होने की आशंका रखते हैं। उनकी गिरफ्तारी से अपराध की पुनरावृत्ति पर अंकुश लगाने के साथ अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में भी मदद मिलती है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि, फरार वारंटियों और अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि न्यायालयों के आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके और अपराधियों के खिलाफ त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई होती रहे।
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
